ये कैसा ओवरब्रिज! जो बनकर भी राहगीरों को नहीं दे पा रहा रास्ता
- वाराणसी
- February 25, 2026
- No Comment
- 88
- जर्जर व क्षतिग्रस्त रास्तों से गुजर रहे राहगीर व परीक्षार्थी
- एक किमी के सफर के लिए 5 किमी का चक्कर लगा रहे लोग
चिरईगांव/वाराणसी
जनपद का एक ऐसा ओवरब्रिज जो लगभग बनकर तैयार है इसके बावजूद राहगीरों को रास्ता नहीं दे पा रहा है और राहगीर जान जोख़िम में डालकर जर्जर सड़कों पर सफर करने को मजबूर हैं।जी हां आप ने बिल्कुल सही समझा हम बात कर रहे हैं चौबेपुर क्षेत्र के कादीपुर के पास बने ओवरब्रिज की।ओवरब्रिज से आवागमन प्रारंभ नही होंने से चौबेपुर क्षेत्रवासियों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं।आलम यह है कि विगत लगभग 6 महीने से क्षेत्र के राहगीर महज एक किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए लगभग पांच किलोमीटर का चक्कर लगा रहे हैं और गांव की जर्जर सड़कों से होकर सफर तय कर रहे हैं।
बोर्ड की परीक्षा शुरू होने से सबसे अधिक परेशानी उन परीक्षार्थियों को झेलनी पड़ रही हैं जिन्हें जर्जर सड़कों से होकर गुजरना पड़ रहा है।समय से विद्यालय पहुंचने व परीक्षा छूटने की डर से परीक्षार्थियों को जर्जर सड़कों पर भी तेज गति से वाहन चलाना पड़ रहा है जो कि कभी भी दुर्घटना का सबब बन सकता है।
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ओवरब्रिज से आवागमन शुरू करने की मांग–
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान कादीपुर में बने ओवरब्रिज से आवागमन प्रारंभ करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है, लोगों का कहना है कि परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओवरब्रिज से आवागमन प्रारंभ कर देना चाहिए इससे परीक्षार्थियों के साथ ही राहगीरों को राहत मिलेगी।
बताया जा रहा है कि सेतु निगम द्वारा बीते रविवार को ओवरब्रिज पर छोटे वाहनों के आवागमन की अनुमति दी थी लेकिन इसी बीच कुछ बड़े वाहनों के घुसने के कारण आवागमन बंद कर दिया गया।
इस सम्बंध में उ.प्र.सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर निरंजन का कहना था कि राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवनिर्मित ओवरब्रिज पर छोटे वाहनों के आवागमन की अनुमति दी गयी थी लेकिन कुछ लोग भारी वाहनों के साथ पहुंच गये ऐसे मे सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर अस्थायी रूप से आवागमन रोक दिया गया।